बांका:शादी के चार महीने बाद पत्नी का अचानक फरार होना, सोशल मीडिया ने खोला राज

Friday, Sep 26, 2025-09:12 PM (IST)

बांका:बिहार के बांका जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रजौन थाना क्षेत्र की एक महिला शादी के महज चार महीने बाद ही अपने पति को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई। महिला को रील बनाने का शौक था और इसी दौरान उसकी नजदीकियां एक युवक से बढ़ीं। इस घटना के बाद पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पत्नी को वापस लाने की गुहार लगाई है।

शादी के चार महीने बाद पत्नी हुई फरार

जानकारी के अनुसार, बांका जिले के कठचातर गांव की यह घटना है। 24 वर्षीय दिलीप दास की शादी 16 मई 2025 को हुई थी। बताया जा रहा है कि महिला ने शादी के बाद कुछ महीने पति के साथ बिताए और फिर मायके चली गई। वहीं, पति का आरोप है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के दौरान वह एक युवक के संपर्क में आई और उसी के साथ फरार हो गई।

पति ने लगाए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप

पीड़ित पति दिलीप दास ने कहा कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर लगातार सक्रिय रहती थी और रील बनाती थी। हाल ही में उसने अपनी पत्नी का एक वीडियो देखा जिसमें वह किसी अज्ञात युवक के साथ नजदीकियों में नजर आ रही थी। पति का आरोप है कि ससुराल वालों ने योजना बनाकर पत्नी को उसी युवक के साथ भेज दिया है।

फरार होते समय ले गई डेढ़ लाख रुपये

पीड़ित पति का कहना है कि वह चेन्नई में मजदूरी करता है। उसने अपनी पत्नी के खाते में डेढ़ लाख रुपये जमा किए थे, जो फरार होते समय महिला साथ ले गई। पति ने यह भी कहा कि उसे उस युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं है, बस इतना पता चला है कि वह भागलपुर का रहने वाला है।

युवती के पिता ने लगाया उल्टा आरोप

इस मामले में युवती के पिता ने अपने दामाद पर ही गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में आवेदन देकर कहा कि उनकी बेटी लापता है और इसके पीछे उनके दामाद का हाथ है।

पुलिस कर रही जांच

रजौन थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आवेदन और दोनों की तस्वीरें अपने पास रख ली हैं और अब मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static