खेलते-खेलते अचानक गायब हुई 3 साल की मासूम, स्कूल के पास शव मिलने से मची चीख-पुकार; दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
Saturday, Feb 28, 2026-01:02 PM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के बांका जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची का अपहरण करने के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है। परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई है, जिसे देखते हुए पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
दोपहर में हुई थी लापता
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी, तो घर वालों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों को अपहरण की आशंका हुई। देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन शनिवार को बच्ची का शव स्कूल के पास मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
तीन लोग हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
इधर सूचना मिलते ही जिलेबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन सभी से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम साक्ष्यों को इकट्ठा करने में जुटी है। दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना का खुलासा हो पाएगा। रिपोर्ट मिलते ही कानूनी कार्रवाई को और तेज कर दिया जाएगा। इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने मासूम की नृशंस हत्या पर गहरा दुख और रोष व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

