चाकू से गोदा पेट, गर्दन और आंखों पर किए वार...निजी हॉस्टल में मासूम की नृशंस हत्या, शव की हालत देख कांपी रुह

Monday, Apr 06, 2026-03:20 PM (IST)

Bihar Crime Updates : बिहार के जहानाबाद जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहां एक निजी स्कूल के हॉस्टल में 5 वर्षीय मासूम छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

10 दिन पहले भेजा था हॉस्टल 

मिली जानकारी के अनुसार, करौना थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल की है। मृतक बच्चे की पहचान आशु कुमार के रुप में हुई है। मृतक आशु को महज 10 दिन पहले ही हॉस्टल में दाखिल कराया था। सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे स्कूल प्रबंधन का फोन आया कि बच्चे की तबीयत खराब है, लेकिन जब परिजन पहुँचे तो वहां का खौफनाक मंजर देख उनकी रुह कांप गई।

शरीर पर मिले गहरे घाव के निशान

परिजनों के अनुसार, आशु के शरीर पर धारदार हथियार से हमले के स्पष्ट निशान थे। उसकी गर्दन पर गहरा घाव था, पेट को चाकू से गोदा गया था और यहाँ तक कि उसकी आंखों पर भी वार किए गए थे। उसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल और फिर गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि मासूम ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-22 किया जाम

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-22 पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने घंटों तक आवागमन ठप रखा और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हॉस्टल के सुरक्षित घेरे में एक 5 साल के बच्चे की ऐसी हालत होना घोर लापरवाही का परिणाम है।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए करौना थाना पुलिस और जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी। स्कूल के स्टाफ और प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static