पटना पुलिस को क्यों खोदनी पड़ी कब्र? एक महिला की मौत और पति के चौंकाने वाले काले कारनामे, जानकर रह जाएंगे दंग
Saturday, Feb 28, 2026-11:33 AM (IST)
Bihar Crime : राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या के बाद उसके शव को चुपके से दफना दिया गया। पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है और मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कब्र से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शादी के सात महीने बाद ही उजड़ा संसार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका आसमां खातून की शादी 20 जुलाई 2025 को पटना सिटी के खाजेकलां निवासी तौफीक के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर आसमां के साथ मारपीट करते थे। मृतका के मामा ऐनुल हक ने बताया कि 26 फरवरी को उन्हें आसमां के साथ मारपीट का एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसके बाद से ही ससुराल वालों ने आसमां से उनकी बातचीत पूरी तरह बंद करवा दी थी।
छुपकर दफनाया था शव
परिजन जब तक कुछ समझ पाते, उन्हें आसमां के गायब होने की सूचना मिली। बाद में पता चला कि उसकी मृत्यु हो गई है और ससुराल वालों ने बिना किसी को सूचित किए शव को कब्रिस्तान में दफन कर दिया। मायके वालों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और अपने पास मौजूद साक्ष्य साझा किए।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए दीघा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। आरोपी पति तौफीक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दीघा थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

