RJD विधायक ओसामा साहब के खिलाफ FIR दर्ज, मामला जान चौंक जाएंगे
Tuesday, Apr 07, 2026-08:50 AM (IST)
Bihar News : बिहार के सीवान जिले में जीप और ऑटो-रिक्शा की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुई झड़प के मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक ओसामा साहब को नामजद किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूरन कुमार झा के अनुसार, रविवार देर रात इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक शिकायत जीप में सवार चंदन सिंह की ओर से और दूसरी ऑटो-रिक्शा चालक डब्लू खान की ओर से दर्ज कराई गई। यह घटना एम.एच. नगर थाना क्षेत्र के सेमारी गांव में हुई थी। एसपी ने बताया कि चंदन सिंह और उनके समर्थकों की शिकायत के आधार पर विधायक ओसामा साहब का नाम प्राथमिकी में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा, "यह जांच की जा रही है कि घटना में ओसामा साहब की किसी प्रकार की संलिप्तता थी या नहीं।" हालांकि, पुलिस ने एक अन्य प्राथमिकी भी दर्ज की है, जिसमें दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और उसमें विधायक का नाम शामिल नहीं है।
पुलिस के अनुसार, रविवार शाम वाहन टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भी कारण हो सकती है। उल्लेखनीय है कि ओसामा साहब ने 2025 के विधानसभा चुनाव में सीवान जिले की रघुनाथपुर सीट से चुनाव जीतकर अपना राजनीतिक पदार्पण किया था। फिलहाल इस मामले में उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

