Jamui Accident: कांवड़ियों से भरी कार पेड़ से टकराई...एक की मौत, 9 घायल; देवघर से पूजा कर लौट रहे थे घर
Wednesday, Aug 23, 2023-02:03 PM (IST)

जमुई: बिहार में जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक कांवरिया की मौत हो गई तथा 9 अन्य घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि झारखंड के देवघर से पूजा करने के बाद कार से लोग समस्तीपुर लौट रहे थे। तभी ये हादसा हुआ।
देवघर से पूजा करके घर लौट रहे थे सभी
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के देवघर से पूजा करने के बाद कार से लोग समस्तीपुर लौट रहे थे। इस दौरान मवेशी को बचाने के दौरान हरदीमोर के समीप कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस घटना में कार पर सवार एक कांवरिया की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बाजी बुजुर्ग निवासी दिलीप गोस्वामी के 16 वर्षीय पुत्र श्वेतम कुमार के रूप में की गई है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घायलों में 17 वर्षीय चंदन कुमार, 19 वर्षीय गोलू कुमार, 16 वर्षीय आदर्श कुमार, 16 वर्षीय सुनील गोस्वामी, 22 वर्षीय सुजीत गोस्वामी, 16 वर्षीय राज गोस्वामी,15 वर्षीय नमन कुमार और 20 वर्षीय हरे कृष्णा शामिल हैं। घायल आदर्श ने बताया कि 10 लोग कार में सवार होकर पूजा करने देवघर गए हुए थे। जब वह अपने घर लौट रहे थे। तब अचानक कार के सामने एक मवेशी आ गया। जिसे बचाने की कोशिश में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। तभी ये हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।