बड़ा हादसाः छठ का प्रसाद बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में हुआ विस्फोट, 7 पुलिसकर्मी समेत 25 लोग घायल
Saturday, Oct 29, 2022-10:55 AM (IST)

औरंगाबादः बिहार में औरंगाबाद जिले से नगर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक मकान में रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे 25 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। फिलहाल, सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छठ का प्रसाद बनाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शाहगंज मुहल्ला में अनिल गोस्वामी के घर महिलाएं छठ का प्रसाद बना रही थीं। इसी दौरान सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लग गई। इसकी खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस की गश्ती टीम भी वहां पहुंच गई। वहीं आग बुझाने के क्रम में गैस सिलेंडर विस्फोट कर गया। इस घटना में 25 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों में सात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
10 लोगों की हालत गंभीर
घायलों को औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, सभी की स्थिति सामान्य है। हालांकि सदर अस्पताल से 10 घायलों को गंभीर अवस्था में रेफर कर दिया गया। घायलों में प्रभात कुमार, आर एन गोस्वामी, अनिल कुमार, राज किशोर, मो नाजिर, मो मेराज, मो बिट्टू, अशगर ,शाहनवाज, सोनू, मोनू, महेंद्र साव, आदित्य राय, सुधांशु कुमार, छोटू आलम, अरबाज, शाबिर, पंकज वर्मा, अभय कुमार ठाकुर, राजीव कुमार, दिलीप कुमार, आदित्य कुमार, अखिलेश कुमार, मो मोज्ज्म, छोटू आलम, प्रीति कुमारी, जगलाल प्रसाद आदि शामिल हैं।