प्रेम प्रसंग में रोड़ा बना पति तो पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर दी क्रूर मौत, सिर काटकर जंगल में दफनाया
Tuesday, Jul 07, 2026-02:45 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के रांची जिले में 29 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पत्नी और उसके प्रेमी ने सिर काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने युवक का धड़ मिलने के 17 दिन बाद उसका सिर बरामद किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह गांव के रहने वाले संजय लोहरा की कथित तौर पर इसलिए हत्या कर दी गई क्योंकि उसकी पत्नी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी और वह अवरोध बन रहा था। पुलिस ने कहा कि लोहरा का आंशिक रूप से जला हुआ बिना सिर का धड़ 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के तेतरटांड़ जंगल से बरामद किया गया था। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, उन्होंने तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह गांव के पास रानी जंगल से उसका सिर बरामद कर लिया, जहां उसे कथित तौर पर दफनाया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान सुबोधिनी देवी और उसके प्रेमी रमन सेठ के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।
बुंडू थाने के एक अधिकारी ने बताया, ''पूछताछ के दौरान देवी ने खुलासा किया कि उसके रमन सेठ के साथ विवाहेतर संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहती थी। उन दोनों ने कथित तौर पर लोहरा की हत्या करने की साजिश रची थी।'' बुंडू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओम प्रकाश ने कहा कि शुरुआती दौर में जांच एक चुनौती बनी हुई थी क्योंकि पीड़ित का सिर गायब था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया था। उन्होंने कहा, ''जांचकर्ताओं के लिए यह एक ऐसा मामला था जिसमें कोई सुराग नहीं था। सिर के बिना पीड़ित की पहचान स्थापित करना बेहद मुश्किल था।
हालांकि, तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने मृतक की पहचान संजय लोहरा के रूप में करने में हमारी मदद की।'' एसडीपीओ ने बताया कि पहचान होने के बाद, पुलिस ने हत्या में शामिल होने के संदेह में लोहरा की पत्नी को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद इस कथित साजिश का खुलासा हुआ। पुलिस ने कहा कि उन्होंने एक कार भी जब्त की है, जिसके बारे में संदेह है कि उसका इस्तेमाल पीड़ित के शव को ले जाने और उसे ठिकाने लगाने के लिए किया गया था।

