24 पुलिस पदाधिकारियों को मिली पदोन्नति, पुलिस मुख्यालय का आदेश जारी

Sunday, Jul 05, 2026-11:43 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के 24 आयुधिक हवलदारों को पदोन्नत कर आयुधिक अवर निरीक्षक (आयुधिक जमादार) के पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह पदोन्नति केंद्रीय चयन पर्षद की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर की गई है और आदेश जारी होने की तिथि से प्रभावी होगी। 

पदोन्नत अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित वेतनमान के तहत पे बैंड-II (₹9,300-34,800), ग्रेड पे ₹4,200 तथा पे-मैट्रिक्स लेवल-6 का लाभ मिलेगा। हालांकि नए पद का वित्तीय लाभ संबंधित अधिकारी के पदभार ग्रहण करने की तिथि से देय होगा। पदोन्नति पाने वाले पुलिसकर्मी रांची, रामगढ़, गुमला, जमशेदपुर, धनबाद और कोडरमा सहित विभिन्न जिलों के अलावा जैप, झारखंड जगुआर, विशेष शाखा, सीटीसी मुसाबनी और जेपीए हजारीबाग जैसी इकाइयों में कार्यरत हैं। पुलिस मुख्यालय ने पदोन्नति के साथ कई शर्तें भी निर्धारित की हैं। जिन अधिकारियों ने अभी तक हिंदी टिप्पण एवं प्रारूपण परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है, उन्हें एक वर्ष के भीतर यह परीक्षा पास करनी होगी। निर्धारित अवधि में परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी को पुन: उनके मूल पद पर भेजा जा सकता है।

इसके अलावा जिन अधिकारियों के विरुद्ध न्यायालय में कोई मामला लंबित है, विभागीय कार्रवाई चल रही है अथवा पिछले तीन वर्षों में उन्हें कोई गंभीर दंड मिला है, उनकी पदोन्नति पर रोक लगाई जा सकती है। पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में वरिष्ठता से संबंधित किसी न्यायिक या प्रशासनिक निर्णय की स्थिति में वरीयता सूची में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static