8 बेटों को दिया जन्म ...फिर भी श्मशान घाट पर 6 घंटे तक पड़ा रहा मां का शव, संपत्ति के लिए लड़ते रहे भाई

Monday, Jul 14, 2025-02:06 PM (IST)

Bihar News: बिहार के भागलपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सामने आया है, जहां आठ बेटों की मां का शव लगभग 6 घंटे तक श्मशान घाट में पड़ा रहा। लेकिन सभी भाई मुखाग्नि देने की बजाए संपत्ति के लिए आपस में लड़ने लगे। भाइयों का विवाद इस कदर बढ़ गया कि मां का शव यूं ही पड़ा रहा। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बेटों को समझाकर-बुझाकर अंतिम संस्कार की प्रकिया शुरू कराई।

दरअसल, पूरा मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र के नया छावनी का है, जहां शनिवार की रात 9:30 बजे सुदामा देवी (84) का निधन हो गया। वहीं जब अंतिम संस्कार के लिए शव सुलतानगंज श्मशान घाट लाया गया, तो भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सुदामा देवी के आठ पुत्र थे, जिनमें से दो की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। वहीं बाकी छह में से किसी एक को मुखाग्नि देनी थी। लेकिन परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। 

मौके पर पहुंची पुलिस, फिर शुरू हुई अंतिम संस्कार की प्रक्रिया
इस दौरान मृतका के छोटे पुत्र लाल मोहन यादव ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी और स्वयं मुखाग्नि देने की जिद पर अड़ गया। वहीं जब स्थिति तनावपूर्ण हो गई तो पुलिस श्मशान घाट पहुंची। पुलिस ने बेटों को समझाने का प्रयास किया। काफी खींचतान के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके बाद मंझले पुत्र लाल मोहन यादव ने मां को मुखाग्नि दी। श्मशान घाट पर मौजूद  लोगों ने कहा कि एक पुत्र का मां के शव के साथ इस प्रकार का व्यवहार बेहद शर्मनाक है। ऐसे विवादों का सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचना समाज में नैतिकता के गिरते स्तर को दर्शाता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static