"बेटी के बाद अब बेटे को भी खो दोगे", नीट छात्रा के परिवार को 72 घंटे में मिला दूसरा धमकी भरा खत

Wednesday, Feb 18, 2026-08:40 AM (IST)

Bihar News : बिहार में कथित यौन उत्पीड़न के बाद मौत की शिकार एक नीट अभ्यर्थी के परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें धमकी दी गई है कि ''उनके बेटे का भी उनकी बेटी जैसा अंजाम होगा।'' पुलिस ने यह जानकारी दी।

नीट अभ्यर्थी की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है। परिवार ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके घर के अंदर एक कागज फेंका गया, जिस पर लिखा था, "तुम अपनी बेटी को खो चुके हो और अगर तुम नहीं माने तो अपने बेटे को भी खो दोगे।" जहानाबाद जिले के शकुराबाद थाने के प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि शनिवार को भी इसी तरह का धमकी भरा पत्र घर के अंदर फेंका गया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद उनके घर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताजा शिकायत की जांच की जाएगी और उचित कदम उठाए जाएंगे। 

बता दें कि करीब 18 वर्षीय छात्रा पटना के एक निजी छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पिछले महीने वह छात्रावास में अचेत अवस्था में मिली थी और कुछ दिनों बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई। फॉरेंसिक जांच में कथित तौर पर छात्रा के कपड़ों पर वीर्य के निशान पाए गए थे, जिसके बाद यह आरोप लगे कि उसे नशीला पदार्थ देकर यौन उत्पीड़न किया गया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मौत को आत्महत्या साबित करने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static