चर्चित डॉक्टर की पत्नी का पंखे से लटका मिला शव, बहन बोली- जीजा का अफेयर था, दीदी विरोध करती थी...इसलिए मार डाला
Friday, Jul 04, 2025-01:26 PM (IST)

Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चर्चित डॉक्टर की पत्नी का शव पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, मृतका के मायके वालों ने ससुरालवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के श्रीकृष्णा नगर किदवईपुरी का है। मृतका की पहचान डॉक्टर अभिजीत सिन्हा की पत्नी सृष्टि श्रेया (36) के रूप में हुई है। सृष्टि श्रेया और डॉक्टर अभिजीत सिन्हा की शादी 2012 में हुई थी। सृष्टि अपने पति, सास और तीन बच्चों के साथ पटना के श्रीकृष्ण नगर में रहती थी। बताया जा रहा है कि सृष्टि का शव उनके फ्लैट में पंखे से लटका हुआ मिला। जैसे ही महिला के मायके वालों को घटना की सूचना मिली तो वह पटना पहुंचे। सृष्टि की मां का कहना है कि बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। बेटी से गुरुवार को फोन पर बात हुई थी। वह आत्महत्या नहीं कर सकती है। परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या करके फिर शव को फंदे पर लटकाया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से महिला का पति, सास फरार चल रहे है। बताया जाता है कि घटना के बाद बाद सृष्टि को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की बहन का कहना है कि उसके जीजा का अफेयर चल रहा था, जिससे चलते दोनों में अक्सर विवाद होते रहते थे। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक (पटना सेंट्रल) दीक्षा ने बताया, ‘‘संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।'' अधिकारी ने बताया कि श्रेया के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके से साक्ष्य जुटा रहे हैं। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘महिला के परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति के विवाहेतर संबंध उसकी मौत का कारण हो सकते हैं।''