Bihar में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई IAS का तबादला, इन अफसरों को नई पोस्टिंग; देखें पूरी लिस्ट
Friday, May 15, 2026-06:16 PM (IST)
Bihar IAS Transferred : बिहार सरकार ने शुक्रवार को एक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए, विभिन्न विभागों में तैनात कई IAS अधिकारियों का तबादला किया और उन्हें अतिरिक्त प्रभार सौंपे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, गन्ना उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) के. सेंथिल कुमार (IAS-1996 बैच) को श्रम संसाधन और प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का ACS नियुक्त किया गया है। उन्हें पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
बी. राजेंद्र शिक्षा विभाग के प्रभार से मुक्त
कई अधिकारियों को उनकी अतिरिक्त जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के ACS बी. राजेंद्र (IAS-1995) को शिक्षा और खेल विभागों के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) विनोद सिंह गुंज्याल (IAS-2007) को अब शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार (IAS-2001) को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
पंकज कुमार पथ निर्माण विभाग के सचिव नियुक्त
पंकज कुमार पाल (IAS-2002) को पथ निर्माण विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार ने कई प्रमंडलों में आयुक्त स्तर पर भी बदलाव किए हैं। मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा को भागलपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय को कोसी प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पूर्णिया के जिला पदाधिकारी (DM) अंशुल कुमार (IAS-2016) को पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार सिंह (IAS-2010) को खान एवं भूतत्व विभाग में सचिव-सह-खान आयुक्त नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति
मुख्यमंत्री सचिवालय में भी नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर (IAS-2020) और गुंजन सिंह (IAS-2020) को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। खंडेकर इससे पहले पटना में उप विकास आयुक्त (DDC) के पद पर कार्यरत थे, जबकि गुंजन सिंह भोजपुर में। ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव दिवेश सेहरा को खान विभाग में दी गई सभी अतिरिक्त जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है। पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह को भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

