बिहार MLC चुनाव: 8 सीटों के लिए कल वोटिंग, जानें किस सीट पर कितने हैं मतदाता और कब होगी मतगणना
Thursday, Oct 22, 2026-04:05 PM (IST)
पटना: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए कल यानि शुक्रवार को होने वाले चुनाव में 5.32 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।
जिन आठ सीटों पर चुनाव होना है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन आठ निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 5,32,847 मतदाता हैं। इनमें 3,86,199 पुरुष, 1,46,611 महिलाएं और 37 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता हैं। इनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में तिरहुत में सर्वाधिक 1,43,988 मतदाता हैं। इसके बाद कोसी में 1,34,072, दरभंगा में 1,26,951 और पटना में 87,583 मतदाता हैं।
वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं। इनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और तृतीय लिंग के तीन मतदाता शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना में सर्वाधिक 11,719 मतदाता हैं। इसके बाद सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता हैं। इन आठ सीटों पर मौजूदा विधान पार्षदों का कार्यकाल 16 नवंबर, 2026 को समाप्त हो रहा है। इनमें पटना स्नातक से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक से बंशीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक से एनके यादव, पटना शिक्षक से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक से अफाक अहमद शामिल हैं।
चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि जनता दल (यूनाइटेड) शेष चार सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। भाजपा ने पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, कोसी स्नातक सीट से डॉ. एनके यादव और तिरहुत स्नातक सीट से सर्वेश कुमार को फिर से उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को टिकट दिया है। इस सीट पर फिलहाल विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय कुमार सिंह विधान पार्षद हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी (JSP) सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

