Bihar Elections: 'पावर स्टार' पवन सिंह नहीं लड़ेंगे बिहार विधानसभा चुनाव, खुद किया ऐलान, बोले- BJP का सच्चा सिपाही हूं....
Saturday, Oct 11, 2025-11:20 AM (IST)

Bihar Assembly Elections: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी बीच भोजपुरी सिनेमा (Bhojpuri Cinema) के सुपरस्टार पवन सिंह (Pawan Singh) ने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections 2025) नहीं लड़ने का ऐलान किया है। दरअसल, पवन सिंह ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, "मैं पवन सिंह अपने भोजपुरीया समाज से बताना चाहता हूं कि मैं बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और नाहीं मुझे विधानसभा चुनाव लड़ना है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।"
मेरा चुनाव लड़ने का मकसद नहीं- Pawan Singh
पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर बताया है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका चुनाव लड़ने का मकसद नहीं है और वह केवल पार्टी का सच्चा सिपाही बने रहना चाहते हैं। अभी हाल में पवन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी की थी। पवन सिंह ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद पवन सिंह ने एक्स पर तस्वीर साझा करते हुये लिखा था, 'जातिवादी राजनीति के पोषकों के दिल पे आज ई फोटो देख के सांप लोट रहा होगा। लेकिन जिनके दिल में विकसित बिहार का सपना बसता है, वो कब तक एक दूसरे से दूर रह सकते है। गृह मंत्री अमित शाह और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और उपेन्द्र कुशवाहा से मुलाक़ात हुई और उन्होंने दिल से आशीर्वाद दिया। मोदी और नीतीश के सपनों का बिहार बनाने में आपका बेटा पवन पूरा पावर लगाएगा।' इसके बाद से कयास लगाये जा रहे थे कि पवन सिंह इस बार विधानसभा का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने आसनसोल से चुनाव लड़ने से मना कर दिया। पवन सिंह ने भाजपा से बगावत कर दी और निर्दलीय प्रत्त्याशी के तौर पर काराकाट की सियासी रणभूमि में उतर आए। पवन सिंह के निर्दलीय उम्मीदवार उतरने से काराकाट की सियासी लड़ाई रोचक बन गयी। बिहार की कारकाट संसदीय सीट पर पूरे देश की नजरें टिकी हुयी थी। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा-माले) प्रत्याशी राजाराम सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह को एक लाख पांच हजार 858 मतो के अंतर से पराजित किया, वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे।