नितिन नबीन और रांची का गहरा रिश्ता: पढ़ाई से राजनीति तक, संघर्ष और संयोग की दांस्ता; जानें नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनकही कहानी
Wednesday, Jan 21, 2026-03:49 PM (IST)
Elected National President Nitin Naveen: झारखंड की राजधानी रांची नितिन नबीन की जिंदगी में सिर्फ जन्मस्थान नहीं रही, बल्कि यही शहर उनके जीवन के कई अहम फैसलों और घटनाओं का साक्षी बना। पढ़ाई से लेकर परिवार, शादी और एक जानलेवा हमले तक—रांची से जुड़ी यादें आज भी उनके जीवन का अहम हिस्सा हैं। अब जब नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं, तो रांची से जुड़ी उनकी कहानी और भी खास हो गई है।
नितिन नबीन और रांची का गहरा रिश्ता
बीजेपी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का रांची से रिश्ता बेहद निजी रहा है। उनका जन्म रांची में हुआ था. शुरुआती पढ़ाई के लिए वे बाद में पटना चले गए, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए एक बार फिर रांची लौटे। यहां उन्होंने बीआईटी (BIT) से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। आज भी उनके मामा संजय कुमार सिन्हा और मामी सविता श्रीवास्तव रांची में रहते हैं। परिवार के अनुसार, नितिन नबीन के पिता चाहते थे कि वे आगे की पढ़ाई करें और इसके लिए विदेश भी जाएं, लेकिन पिता के अचानक निधन के बाद उनकी जिंदगी की दिशा बदल गई और उन्होंने राजनीति का रास्ता चुन लिया।
परिवार के लिए गर्व का पल
बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद जब प्रधानमंत्री ने कहा कि “नितिन नबीन अध्यक्ष हैं और हम सब कार्यकर्ता”, तो यह पल उनके परिवार के लिए गर्व का कारण बन गया। उनके मामा कहते हैं कि नितिन नबीन हमेशा मेहनती और आगे बढ़ने वाले रहे हैं। जब भी नितिन नबीन रांची आते हैं, उनकी मामी उनके खाने-पीने का खास ध्यान रखती हैं। उन्हें नॉनवेज खाना पसंद है, साथ ही सत्तू का पराठा और पकौड़ी भी वे बड़े चाव से खाते हैं।
रांची में ही हुई शादी
नितिन नबीन की शादी भी रांची के अशोक नगर इलाके में हुई थी। हालांकि लड़का और लड़की पक्ष दोनों बिहार से थे, लेकिन शादी के लिए रांची को ही चुना गया। यह शहर उनके पारिवारिक जीवन से भी गहराई से जुड़ा रहा है।
जब रांची में जान पर बन आई
10 जून 2022 का दिन नितिन नबीन और उनके परिवार के लिए बेहद डरावना रहा। उस दिन रांची में हिंसा भड़क उठी थी। शहर के मेन रोड पर उपद्रवियों ने एक कार पर हमला कर दिया। पत्थरबाजी में कार के शीशे टूट गए और अंदर बैठे लोगों को निशाना बनाया गया। बाद में पता चला कि उस कार में नितिन नबीन मौजूद थे, जो एक कार्यक्रम में शामिल होने रांची आए थे। पुलिस की समय पर कार्रवाई से वे बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा था। उस समय वे अपनी शादी की 25वीं सालगिरह के मौके पर रांची आए हुए थे।
रांची: यादों और संघर्षों का शहर
रांची नितिन नबीन के लिए सिर्फ यादों का शहर नहीं है, बल्कि वह जगह है जहां उनकी जिंदगी ने कई बार नया मोड़ लिया। पढ़ाई, परिवार, शादी और हिंसा के बीच मौत को करीब से देखने का अनुभव—इन सबने उनके व्यक्तित्व को और मजबूत बनाया। आज जब वे देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, तो रांची से जुड़ा यह सफर उनके जीवन की अहम कहानी बन चुका है।

