International Women''s Day: रांची-इरगांव ट्रेन की महिलाओं ने संभाली कमान, यात्रियों ने की इस अनोखी पहल की सराहना

Sunday, Mar 08, 2026-05:00 PM (IST)

International Women's Day: झारखंड की राजधानी रांची में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। रविवार को रांची रेलवे स्टेशन से चलने वाली रांची-इरगांव ट्रेन का पूरा संचालन महिला कर्मियों की टीम ने संभाला।

यात्रियों ने की इस अनोखी पहल की सराहना
इंजन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक हर जिम्मेदारी महिलाओं ने निभाई और अपने कौशल व नेतृत्व क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। रेलवे प्रशासन की इस विशेष पहल के तहत 15 महिला कर्मचारियों की एक टीम बनाई गई थी। इस टीम में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, टीटीई और आरपीएफ की महिला सुरक्षा कर्मी शामिल थीं। इन सभी ने मिलकर ट्रेन की रवानगी से लेकर उसके गंतव्य तक सुरक्षित संचालन की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। महिला दिवस के मौके पर रांची रेलवे स्टेशन पर इस पहल को लेकर खास उत्साह का माहौल देखा गया। यात्रियों ने भी इस अनोखी पहल की सराहना की और तालियां बजाकर महिला कर्मियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम सूची सिंह ने स्टेशन परिसर में मौजूद महिला रेलकर्मियों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया।

महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही
सिंह ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और रेलवे जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी उनकी भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। इस मौके पर अन्य महिला रेल कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ समाज को एक सकारात्मक संदेश देती है कि महिलाएं किसी भी जिम्मेदारी को पूरी दक्षता के साथ निभाने में सक्षम हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static