होली पर घर जाना हुआ आसान! रांची रेल मंडल चला रहा 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Friday, Feb 27, 2026-05:53 PM (IST)

Ranchi News: झारखंड में होली पर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। मंडल की सीनियर डीसीएम शुचि सिंह ने बताया कि हर वर्ष त्योहारों के समय यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि होती है, जिससे नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों और कोच की व्यवस्था की गई है।

झारखंड और बिहार के यात्रियों को लाभ मिलेगा
रेल मंडल द्वारा हटिया-दुर्ग, सांतरागाछी-अजमेर, रांची-झंझारपुर, रांची-गोरखपुर, टाटानगर-कटिहार, गोंदिया-पटना, तिरुपति-रक्सौल, चर्लपल्ली-पटना, चर्लपल्ली-रक्सौल तथा भुवनेश्वर-धनबाद जैसे प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के अंत और अप्रैल के शुरुआती दिनों तक अलग-अलग तिथियों में संचालित होंगी। हटिया से दुर्ग और दुर्ग से हटिया के बीच मार्च माह में सप्ताह में दो दिन विशेष ट्रेन चलेगी। सांतरागाछी से अजमेर और अजमेर से सांतरागाछी के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की सुविधा दी जाएगी। रांची से झंझारपुर तथा झंझारपुर से रांची के बीच भी प्रत्येक सप्ताह होली स्पेशल ट्रेन चलेगी, जिससे झारखंड और बिहार के यात्रियों को लाभ मिलेगा। रांची-गोरखपुर रूट पर भी साप्ताहिक विशेष सेवा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा पटना से चर्लपल्ली और चर्लपल्ली से पटना के बीच वाया रांची स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।

इन ट्रेनों के संचालन से वेटिंग लिस्ट कम होगी
चर्लपल्ली-रक्सौल तथा तिरुपति-रक्सौल के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। टाटानगर-कटिहार और गोंदिया-पटना के बीच एक-एक ट्रिप की विशेष सेवा दी जाएगी। भुवनेश्वर-धनबाद रूट पर प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है, जिससे झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों के संचालन से वेटिंग लिस्ट कम होगी और यात्रियों को त्योहार के दौरान सुरक्षित व सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा। यात्रियों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और इसे समयानुकूल निर्णय बताया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static