होली के रंग हुए बेरंग: गिरिडीह के त्रिवेणी संगम में दो किशोर गहरे पानी में डूबे, तलाश जारी
Wednesday, Mar 04, 2026-04:40 PM (IST)
Jharkhand News: होली की खुशियों के बीच झारखंड के गिरिडीह में एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जमुआ और देवरी प्रखंड की सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम में बुधवार को दो किशोर गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
होली खेलने के बाद नहाने गए थे संगम
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार के रहने वाले थे। होली खेलने के बाद वे नहाने के लिए त्रिवेणी संगम पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बताया जा रहा है कि संगम स्थल पर पानी काफी गहरा है। संभव है कि उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोग कर रहे तलाश
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोग नदी में उतरकर दोनों किशोरों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संगम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

