झारखंड के पूर्व CM के पोते की हिमाचल में मौत, परिवार में शोक की लहर
Wednesday, Feb 25, 2026-11:49 AM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस खबर से परिवार और झारखंड के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुल्लू-मनाली घूमने गए थे वीर सोरेन
जानकारी के अनुसार वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ कुल्लू-मनाली घूमने गए थे। सोमवार को वे दोस्तों के साथ सोलंगनाला और हामटा स्नो प्वाइंट घूमने के बाद होम स्टे लौट आए थे। बताया जा रहा है कि बर्फ पर स्केटिंग करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बीते मंगलवार सुबह वीर होम स्टे में ही रुके रहे, जबकि उनके दोस्त घूमने चले गए। जब दोस्त वापस लौटे तो वीर ने सिर में तेज दर्द होने की शिकायत की। दोस्तों ने उन्हें दवा दी, जिसके बाद वे सो गए।
दोपहर में बिगड़ी हालत
दोपहर करीब ढाई बजे दोस्तों ने कमरे से गिरने की आवाज सुनी। अंदर जाकर देखा तो वीर बिस्तर से नीचे गिरे हुए थे। उनके मुंह से झाग भी निकल रहा था। इसके बाद दोस्तों ने तुरंत उन्हें मनाली के सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सीपीआर दिया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में शव पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही चंपई सोरेन, उनके बेटे बाबूलाल सोरेन और अन्य परिजन शिमला के लिए रवाना हो गए हैं। झारखंड के कोल्हान क्षेत्र सहित राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।

