दिग्गज गायिका आशा भोंसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन, CM हेमंत ने जताया दुख; दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Sunday, Apr 12, 2026-04:21 PM (IST)

Jharkhand News: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर पार्श्व गायिका आशा भोंसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी आवाज ने दशकों तक करोड़ों दिलों पर राज किया और भारतीय सिनेमा को अनगिनत यादगार गीत दिए।

"आशा भोसले के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक"
प्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनका देहांत मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर की वजह से हुआ। उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध गायिका, आदरणीय श्रीमती आशा भोसले जी के निधन की खबर अत्यंत हृदयविदारक और स्तब्ध कर देने वाली है। उनकी मधुर और ओजस्वी आवाज़ ने पीढ़ियों को आपस में जोड़ने का काम किया और भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

"आशा भोसले के निधन से पूरा देश शोक-संतप्त"
हेमंत ने कहा कि आशा जी केवल एक गायिका ही नहीं थीं; वे संगीत के क्षेत्र में एक युग थीं, जिनके हर प्रदर्शन में जीवन के रंग, भावनाओं की गहराई और आत्मा की सच्चाई झलकती थी। उनका जाना न केवल कला जगत के लिए, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आज, उनके निधन से पूरा देश शोक-संतप्त है। उनके गीत, उनकी आवाज और उनकी विरासत हमारे दिलों में सदैव जीवित रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। मैं 'मारंग बुरु' से प्रार्थना करता हूं कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार, प्रशंसकों तथा देश के समस्त नागरिकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

बता दें कि कार्डियक अरेस्ट आने पर आशा भोंसले को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में  भर्ती कराया गया था। उनको शनिवार को अस्पताल लाया गया था और मस्टीपल ऑर्गन फेल्योर की वजह से उन्होंने रविवार को इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया। करीब 8 दशक लंबे अपने करियर में उन्होंने 20 भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए। उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे कई बड़े सम्मान मिले। साल 1997 में वे ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नामांकित होने वाली पहली भारतीय गायिका बनी थीं। आशा भोंसले, महान गायिका लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। उनके गीत और उनकी आवाज़ हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static