"असम के चाय बागानों में रह रहे आदिवासियों की स्थिति बहुत खराब", CM हेमंत बोले- केंद्र सरकार द्वारा किया गया वादा निकला झूठा
Friday, Apr 03, 2026-10:49 AM (IST)
Jharkhand News: असम विधानसभा चुनाव के दौरान सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। इसी बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुमताई में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आदिवासी मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
"देश में गरीब और वंचित लोगों की आवाज को दबाया जा रहा"
असम के खुमताई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक बड़ी जनसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार अमित नाग के समर्थन में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में आदिवासी समाज की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सोरेन ने कहा कि पहले उन्हें लगता था कि झारखंड सबसे पिछड़ा राज्य है, लेकिन असम के चाय बागान इलाकों को देखने के बाद उनकी राय बदल गई। उन्होंने कहा कि यहां रहने वाले आदिवासियों की स्थिति बहुत खराब है और आज भी उन्हें सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में गरीब और वंचित लोगों की आवाज को दबाया जा रहा है और आदिवासियों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने हक के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें।
"केंद्र सरकार का वादा जमीन पर पूरा होता नहीं दिख रहा"
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ‘डबल इंजन’ नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2023 तक हर गरीब को पक्का मकान देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा जमीन पर पूरा होता नहीं दिख रहा है। साथ ही उन्होंने महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। अंत में उन्होंने आदिवासी समाज से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि अगर वे अपनी ताकत पहचान लें और मिलकर काम करें, तो वे अपनी किस्मत खुद बदल सकते हैं। इस कार्यक्रम में JMM उम्मीदवार अमित नाग और पार्टी के कई नेता व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

