होटल में पिता के सामने बेटी से छेड़खानी, जन सुराज ने डीजीपी से मिलकर की SIT जांच की मांग
Friday, May 29, 2026-06:35 PM (IST)
Patna Hotel Case: जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पटना के एक होटल में पिछले दिनों पिता की उपस्थिति में पुत्री के साथ हुई छेड़खानी एवं सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग के साथ शुक्रवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) से मिला।
जन सुराज ने डीजीपी को सौंपी 5 सूत्री मांगें
जन सुराज के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने डीजीपी से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे तथा मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन यादव के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं और आग्रह किया कि कम से कम समय में साक्ष्यों को एकत्र कर कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया जाए तथा पीड़ित परिवार को धमकाने की कोशिश करने वाले होटल मालिक के उपर तत्काल कार्रवाई हो।
SIT के गठन की मांग
जनसुराज के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों में डीजीपी से मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विशेष जांच दल (SIT) के गठन तथा घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कहा। यह भी कहा गया कि होटल हिडेन विला के मालिक, प्रबंधक एवं कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच की जाए और यह पता लगाया जाए कि आरोपी की कमरे तक पहुंच कैसे हुई तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन क्यों हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से कहा कि यदि जांच में होटल परिसर में अनैतिक या अवैध गतिविधियों के संचालन की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए होटल का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ में यह नही कहा गया कि पीड़िता एवं उसके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा धमकी देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए

