रविशंकर प्रसाद ने CM सम्राट चौधरी को लिखा पत्र, पुराने जमींदारी बांध की मरम्मत और ऊंचाई बढ़ाने की मांग की

Tuesday, Sep 08, 2026-05:17 PM (IST)

पटना: पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पटना साहिब के सांसद रविशंकर प्रसाद ने गंगा, दरधा और अन्य सहयोगी नदियों में आई बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति का संज्ञान लेते हुए अपने संसदीय क्षेत्र का व्यापक दौरा किया। प्रसाद ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों से मिली शिकायतों के आधार पर उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर जनहित के इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। 

सांसद रविशंकर प्रसाद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि बाढ़ राहत कार्यों के दौरान वे लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील हैं और स्थानीय प्रशासन भी तत्परता से काम कर रहा है। लेकिन निरीक्षण के दौरान एक अत्यंत चिंताजनक समस्या सामने आई है। पुनपुन नदी का पुराना ज़मींदारी बांध अत्यंत जर्जर व कमजोर हो चुका है। पिछले 25-30 वर्षों से इस बांध की कोई मरम्मत नहीं कराई गई है, जिसके कारण इसकी ऊंचाई भी काफी कम हो गई है। प्रसाद ने बताया कि पुनपुन और दरधा नदियों के जलस्तर में वृद्धि होने से बांध पर भारी दबाव बनता है और यह कई स्थानों पर टूट जाता है, जिससे बाढ़ का पानी दर्जनों गांवों में फैल जाता है। 

प्रसाद ने पूरे फतुहा और पुनपुन नदी से जुड़े प्रभावित क्षेत्रों में इस पुराने जमींदारी बांध की तत्काल मरम्मत कराने तथा इसकी ऊंचाई बढ़ाने के लिए राज्य सरकार से स्पष्ट निर्देश जारी करने की अपील की है। सांसद ने इसके साथ ही गौरीचक से अलावलपुर और जमुनापुर जाने वाले मुख्य मार्ग का जिक्र करते हुए कहा कि बाढ़ के समय यह रास्ता पूरी तरह डूब जाता है। आम जनमानस के सुचारू आवागमन को बनाए रखने के लिए इस सड़क की ऊंचाई को बढ़ाया जाना अत्यंत आवश्यक है। प्रसाद ने जानकारी दी कि इस संदर्भ में उन्होंने बिहार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को भी पत्र प्रेषित कर त्वरित कारर्वाई का अनुरोध किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static