बाढ़ प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देगी बिहार सरकार, कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Thursday, Sep 10, 2026-10:04 AM (IST)

पटना: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और फसल क्षति के वास्तविक आकलन के बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 

सिन्हा ने कृषि विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राज्य में बाढ़ की वर्तमान स्थिति और इससे प्रभावित क्षेत्रों में फसलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का वास्तविक, विस्तृत और प्रमाणिक आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर फसल क्षति का आकलन करने और अद्यतन रिपोर्ट यथाशीघ्र विभाग को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो और वास्तविक क्षति का सही आकलन कर प्रभावित किसानों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 

सिन्हा ने कहा कि बाढ़ से हुई वास्तविक फसल क्षति के विस्तृत आकलन के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल क्षतिपूर्ति और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। सरकार किसानों को इस कठिन परिस्थिति से उबारने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण यदि किसी क्षेत्र में फसल पूरी या आंशिक रूप से प्रभावित हुई है और आगामी फसल चक्र को बनाए रखने के लिए वैकल्पिक फसल लगाने की आवश्यकता है, तो कृषि विभाग इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर रहा है। स्थानीय परिस्थितियों, मिट्टी और मौसम को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त वैकल्पिक फसलों के संबंध में किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, आवश्यक सलाह और अन्य सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static