मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा: सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 2 मजदूरों की मौत, जांच जारी
Tuesday, Sep 15, 2026-12:15 PM (IST)
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में नवनिर्मित सेप्टिक टैंक की ढलाई में इस्तेमाल अस्थायी ढांचे को हटाने के दौरान दम घुटने से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में हुई और मृतकों की पहचान सोनू कुमार और मोहम्मद जहांगीर के रूप में हुई है।
मुजफ्फरपुर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुरेश कुमार ने बताया, ''निर्माणाधीन मकान में एक सेप्टिक टैंक बनाया गया था। सेप्टिक टैंक की ढलाई के लिए इस्तेमाल अस्थायी ढांचे को हटाने के लिए एक के बाद एक दोनों मजदूर टैंक के अंदर गए और उनकी दम घुटने से मौत हो गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद रस्सी की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया।'' उन्होंने बताया कि पुलिस सभी कोण से मामले की जांच कर रही है, जिसमें सुरक्षा मानकों के उल्लंघन तथा मकान मालिक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, निर्माण के बाद सेप्टिक टैंक करीब 15 दिनों से बंद था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोनू और जहांगीर को बचाने तीसरा मजदूर दिनेश कुमार भी टैंक में गया था और वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया था। लेकिन स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से उसे बाहर निकाल लिया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

