पश्चिमी सिंहभूम IED विस्फोट में घायल CRPF के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लश्कर शहीद, सारंडा जंगल में शुक्रवार शाम हुआ थे 2 विस्फोट
Saturday, Oct 11, 2025-09:21 AM (IST)

Chaibasa News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में शुक्रवार शाम को दो आईईडी विस्फोट होने से सीआरपीएफ के एक इंस्पेक्टर और एक जवान घायल हो गए थे। वहीं आज यानी शनिवार सुबह सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लश्कर शहीद हो गए।
बताया जा रहा है कि ये विस्फोटक प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) द्वारा लगाए गए थे, जो झारखंड में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए 'प्रतिरोध सप्ताह' मना रहा है। जराइकेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाबूडीह इलाके में हुए विस्फोटों में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक इंस्पेक्टर और एक जवान घायल हो गए थे। घायल इंस्पेक्टर को पड़ोसी ओडिशा के राउरकेला स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि हेड कॉन्स्टेबल लश्कर का भी अस्पताल में इलाज जारी था। वहीं आज शनिवार की सुबह गंभीर रूप से घायल हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र लश्कर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
झारखंड पुलिस ने आठ अक्टूबर को सीपीआई (माओवादी) द्वारा शुरू किए गए 'प्रतिरोध सप्ताह' के मद्देनजर पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी है। संगठन ने 15 अक्टूबर को बंद का भी आह्वान किया है। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) माइकल राज ने बृहस्पतिवार को बताया था कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 12 बटालियन और झारखंड सशस्त्र पुलिस (जेएपी) तथा भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी) की 20 टुकड़ियों को तैनात किया गया है।