बागमती नदी की बाढ़ से निबटने के लिए सरकारी महत्वाकांक्षी योजना पर काम तेज, बड़ी आबादी को मिलेगी निजात
Wednesday, Mar 05, 2025-05:20 PM (IST)

पटना: बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग द्वारा बागमती नदी के अधिशेष जल को बूढ़ी गंडक नदी में प्रवाहित करने की एक महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य बागमती नदी की बाढ़ से प्रभावित होने वाली बड़ी आबादी को राहत प्रदान करना है।
बाढ़ नियंत्रण के लिए सरकार की नई पहल
योजना के तहत बागमती नदी के अधिशेष जल को शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड स्थित बेलवा स्थल से पुरानी बागमती धार (बेलवा-मीनापुर लिंक चैनल) के माध्यम से मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर प्रखंड में बूढ़ी गंडक नदी में प्रवाहित किया जाएगा।
किन जिलों को मिलेगा फायदा?
इस महत्वपूर्ण परियोजना से शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड और पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड की बड़ी आबादी को बाढ़ से सुरक्षा मिलेगी। योजना का कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्र के कई गाँवों को बागमती नदी की बाढ़ से उत्पन्न होने वाली त्रासदी से दीर्घकालिक राहत मिल जाएगी।
बाढ़ नियंत्रण के साथ सिंचाई को भी मिलेगा बढ़ावा
इस योजना से सिर्फ बाढ़ से बचाव ही नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र में सिंचाई के लिए जल उपलब्ध होगा और जनजीवन अधिक सुगम बनेगा। इससे किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
जल संसाधन विभाग की प्रतिबद्धता
जल संसाधन विभाग राज्य में नदी जल के बेहतर प्रबंधन को लेकर प्रतिबद्ध है और इस तरह की योजनाओं के माध्यम से बाढ़ नियंत्रण और जल संसाधनों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत है।