झारखंड रोपवे हादसाः सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म, ट्रॉली में फंसे 47 लोगों की बचाई गई जान
Tuesday, Apr 12, 2022-03:52 PM (IST)
देवघरः झारखंड में देवघर जिले के त्रिकुट में सेना द्वारा चलाया जा रहा बचाव अभियान खत्म हो चुका है। आर्मी के जवानों ने ट्रॉली में फंसे 47 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। बता दें कि यह रेस्क्यू अभियान करीब 44 घंटे तक चला है। वहीं इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई।
इस पूरे ऑपरेशन की दु:खद पहलु यह रही है कि दो लोगों को बचाया नहीं जा सका जबकि एक महिला की मौत पहले दिन ट्रॉली के पत्थर से टकराने के कारण हो गयी थी। इस तरह से इस पूरे हादसे में तीन लोगों की मौत हो गयी। पहली बार किसी ऑपरेशन में सेना के जवानों के अलावा एनडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।

देश में अपने तरह के चले सबसे बड़े रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी नजर बनाये हुए थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता और पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी समेत पूरा सरकारी महकमा भी ऑपरेशन को सफल बनाने में जुटा रहा।


