सावधान! घना कोहरा, शीतलहर.....झारखंड के इन 12 जिलों में मौसम विभाग का ''येलो अलर्ट'', जानें कब मिलेगी राहत
Friday, Dec 26, 2025-09:01 AM (IST)
Jharkhand Weather Alert: झारखंड में कड़ाके की ठंड ने पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही सर्द हवाओं के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट (Jharkhand Weather Alert) जारी किया है।
27 दिसंबर तक कोल्ड-डे के हालात
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक निचले क्षोभमंडल में सक्रिय ठंडी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह स्थिति 27 दिसंबर तक बनी कोल्ड डे के हालात बने रहने की संभावना रह सकती है। राज्य के नौ जिलों में न्यूनतम तापमान पहले ही 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है, जिससे कनकनी काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, रांची, खूंटी और बोकारो को ठंड के लिहाज से संवेदनशील जिले बताया है।
राजधानी रांची में भी ठंड ने जोर पकड़ लिया है, जहां न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर 12.6 डिग्री सेल्सियस के साथ अपेक्षाकृत बेहतर स्थिति में रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुबह के समय घने कोहरे के कारण द्दश्यता काफी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। विभाग के अनुसार 27 दिसंबर के बाद ही तापमान में कुछ स्थिरता आने की संभावना है।

