झारखंड में कड़ाके की ठंड और कोहरे का तीखा प्रहार, रांची में सीजन का सबसे कम तापमान 5.3 डिग्री; जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

Thursday, Dec 18, 2025-01:45 PM (IST)

Jharkhand Weather Alert: झारखंड में ठंड ने अब अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। गढ़वा, पलामू, लोहरदगा और रांची समेत कई जिलों में बीते 24 घंटे के दौरान हाड़ कंपा देने वाली ठंड महसूस की गई। हालात ऐसे हैं कि दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी और तेज हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। खासकर बुजुर्ग और बच्चे सर्दी, खांसी, जुकाम और सिरदर्द जैसी समस्याओं से अधिक परेशान नजर आ रहे हैं।

कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी 

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी और रांची जिलों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जैसे जिलों में तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।     

रांची में सीजन का सबसे कम तापमान 5.3 डिग्री

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह रांची में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस और कांके का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले 24 घंटे में राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा

कोहरे के कारण उड़ानें प्रभावित 

ठंड और घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी दिखने लगा है। रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर घने कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित रहीं। कोलकाता जाने वाली तीन उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि बेंगलुरु, दिल्ली और हैदराबाद की उड़ानों में दो से तीन घंटे तक की देरी हुई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना जताई है। लोगों को ठंड से बचाव, बुजुर्गों और बच्चों की विशेष देखभाल करने तथा सुबह-शाम सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static