ट्रेनिंग के दौरान ट्रैक पर गिरकर बेहोश हुईं 11 महिला सिपाही, मची अफरा-तफरी
Monday, Jun 15, 2026-12:20 PM (IST)
Bihar News: बिहार में रोहतास जिले के डेहरी स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-2 (बीसैप-2) परिसर में महिला सिपाहियों के बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान रविवार सुबह 16 किलोमीटर की दौड़ में शामिल 11 प्रशिक्षु महिला सिपाहियों की तबीयत बिगड़ गई। महिला बटालियन सासाराम की डीएसपी बबली कुमारी ने बताया कि बीसैप-2 में कुल 1358 महिला प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिनमें पटना, नालंदा और गोपालगंज जिला बल की महिला सिपाही शामिल हैं।
डीएसपी ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत परेड ग्राउंड से इंद्रपुरी चौक तक लगभग 16 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई थी। दौड़ के दौरान अत्यधिक गर्मी और शारीरिक दबाव के कारण 11 प्रशिक्षु सिपाही चक्कर खाकर गिर गईं। उन्होंने बताया कि सभी को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से तीन महिला प्रशिक्षुओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल सासाराम रेफर किया गया, जबकि बेतिया निवासी प्रशिक्षु विनीता कुमारी की हालत अधिक खराब होने पर उसे नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार में भर्ती कराया गया। वहां उसकी स्थिति में सुधार बताया गया है।
यह भी पढ़ें- SHO समेत 9 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, SSP ने किया निलंबित, विभाग में मचा हड़कंप
डीएसपी बबली कुमारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए रास्ते में पेयजल, एम्बुलेंस और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि महिला सिपाहियों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिकांश प्रशिक्षु अब सामान्य स्थिति में हैं और किसी प्रकार की गंभीर स्थिति नहीं है। उन्होंने कहा कि बुनियादी प्रशिक्षण के अंतर्गत आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा का उद्देश्य महिला सिपाहियों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति और कार्यकुशलता का आकलन करना है।
यह भी पढ़ें- नशे में धुत ASI और हेड कांस्टेबल ने होमस्टे मालिक की बेटी से की गंदी हरकत, मचा बवाल
डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल के प्रबंधक राणा राजेश ने बताया कि अस्पताल में भर्ती महिला सिपाहियों में अधिकांश को चक्कर आना, उल्टी, सिर घूमना, सांस लेने में तकलीफ और पेट दर्द जैसी शिकायतें थीं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक उपचार के बाद सात महिला सिपाहियों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और वे अपने बटालियन लौट गईं।गंभीर रूप से प्रभावित प्रशिक्षुओं में मुजफ्फरपुर की श्यामली कुमारी, बेतिया की विनीता कुमारी और लखीसराय की सोनम कुमारी शामिल हैं। इनका बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए रेफर किया गया है।

