महिला सिपाही को सरकारी राइफल के साथ रील बनाना पड़ा भारी, SP ने किया निलंबित
Sunday, Oct 25, 2026-09:49 AM (IST)
शिवहर: बिहार में शिवहर के पुलिस अधीक्षक (SP) शैलेन्द्र सिंह के निर्देश पर सरकारी राइफल के साथ मनोरंजन आधारित गाने पर रील बनाकर निजी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा के मामले में जांच के बाद महिला सिपाही प्रियंका कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शनिवार को जारी सूचना के अनुसार, शिवहर जिले में कार्यरत महिला सिपाही/503 प्रियंका कुमारी ने अपनी बहन के साथ सरकारी राइफल लेकर मनोरंजन आधारित गाने पर रील बनाई थी। इसका वीडियो निजी सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा था। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद एसपी शैलेन्द्र सिंह ने जांच के निर्देश दिए। जांच में महिला सिपाही के विरुद्ध लगाए गए आरोप सही पाए गए।
पुलिस की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि पुलिस महानिदेशक, बिहार और बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना की ओर से कर्तव्यस्थल पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा, किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी द्वारा निजी सोशल मीडिया पर सरकारी संपत्ति का प्रदर्शन करना प्रतिबंधित है। एसपी शैलेन्द्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
साथ ही, अनुशासनात्मक कार्रवाई लिए नवादा के पुलिस अधीक्षक से अनुशंसा की गई है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने शिवहर जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से सोशल मीडिया के इस्तेमाल के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

