नवरात्र में 9 दिनों तक छाती पर कलश रखकर की मां दुर्गा की पूजा, अनुष्ठान पूरा होते ही महिला की मौत
Thursday, Oct 22, 2026-09:39 AM (IST)
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में नवरात्र के दौरान नौ दिनों तक छाती पर मिट्टी का कलश रखकर मां दुर्गा की पूजा करने वाली 35 वर्षीय महिला की बुधवार सुबह मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतका की पहचान त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या चार की निवासी सचीता देवी के रूप में हुई है।
त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) दिलीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नवरात्र का अनुष्ठान पूरा करने के बाद महिला ने बुधवार को सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, सचीता देवी ने नवरात्र के पहले दिन त्रिवेणीगंज बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू किया था और वह लगातार नौ दिनों तक छाती पर मिट्टी का कलश रखकर मां दुर्गा की पूजा करती रहीं। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को अनुष्ठान पूरा करने के बाद घर लौटने पर महिला ने सीने में दर्द की शिकायत की।
त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक उमेश कुमार मंडल ने बताया कि परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला की मौत के संभावित कारणों में शरीर में पानी में कमी और पहले से हृदय संबंधी बीमारी होना शामिल हो सकता है। अधिकारियों ने हालांकि बताया कि मौत के वास्तविक कारण का पता उचित जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों ने इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है और पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया।

