पड़ोसियों की छत पर बोरे में मिला था बच्ची का शव, पुलिस ने महिला समेत 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Saturday, Oct 10, 2026-12:47 PM (IST)

बेतिया: बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बच्ची का शव आठ अक्टूबर को आरोपितों के घर की छत पर कचरे के ढेर के बीच प्लास्टिक के बोरे में छिपाकर रखा हुआ मिला था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपितों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। 

वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि छह अक्टूबर को बच्ची के पिता हारूण खां ने शाम करीब 7:30 बजे मझौलिया थानाध्यक्ष को बच्ची के अपहरण की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू की। फुटेज में बच्ची की पड़ोस में रहने वाली एक किशोरी दोपहर करीब एक बजे उसे गोद में लेकर जाती दिखाई दी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने संबंधित महिला और उसके परिजनों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO)-1 अजित कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। 

पुलिस के अनुसार, जांच और पूछताछ के दौरान बच्ची की हत्या कर शव छिपाने से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। आठ अक्टूबर को शव बरामद होने के बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी महिला के साथ जमील खां और अम्बेया खातून को गिरफ्तार किया है। मझौलिया थाना कांड संख्या 837/26, दिनांक छह अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 140(3) और 61(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 

इस जांच दल में एसडीपीओ-1 के साथ मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार, अंचल निरीक्षक मिथिलेश कुमार, तकनीकी शाखा के राजेश कुमार और ज्वाला सिंह, मझौलिया थाना के अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अनुज कुमार ओझा, लवकुशांत शर्मा, सोनू कुमार और भानु प्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static