ससुराल से प्रताड़ना और डिप्रेशन की दवा ...होटल में संदिग्ध अवस्था में मिला 25 वर्षीय महिला का शव, मची सनसनी
Tuesday, Sep 29, 2026-02:09 PM (IST)
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक होटल के कमरे में 25 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, घटना सोमवार को सदर थाना क्षेत्र में गोबरसही चौक के पास स्थित एक होटल में हुई। महिला की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा निवासी निगम कुमारी के रूप में हुई है। वह गुजरात के अहमदाबाद में एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करती थी।
सदर थाना प्रभारी नवलेश कुमार आजाद ने संवाददाताओं से कहा, ''होटल के कमरे से एक महिला का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।'' उन्होंने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। होटल के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार सुबह होटल का एक कर्मचारी कमरे की सफाई करने गया था। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर होटल के प्रबंधक ने बालकनी से कमरे के भीतर देखा, जहां महिला का शव फंदे से लटका मिला। उन्होंने बताया कि निगम रविवार को अहमदाबाद से बेगूसराय पहुंची थी और उसने तेघड़ा थाने में अपने पति मदन कुमार तथा ससुराल पक्ष के सदस्यों के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी।
यह भी पढ़ें- गणपति उत्सव के चंदे को लेकर विवाद, गणेश मंडल के सदस्य ने की दोस्त की हत्या, ट्रेन से पकड़ा गया आरोपी
शिकायत में उसने घरेलू हिंसा तथा मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार, निगम मुजफ्फरपुर के एक होम्योपैथिक चिकित्सक से अवसाद का उपचार करा रही थी। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) ले जाया गया है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

