पलामू: विभिन्न सड़क हादसों में 2 युवकों की दर्दनाक मौत, अन्य कई घायल

4/28/2022 6:48:33 PM

 

डालटनगंजः झारखंड के पलामू जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान विभिन्न हादसों में दो युवक की मौत हो गयी तथा कई अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने गुरूवार को बताया कि जि़ला मुख्यालय मेदिनीनगर में 24 वर्षीय युवक की मौत 33 हजार वोल्ट के हाइटेंशन तार के सम्पर्क में आने से देर रात हो गई।

मृतक नंदन तिवारी पाटन थाना क्षेत्र के काला पहाड़ गांव निवासी नारद तिवारी का पुत्र था। वर्तमान में हाउसिंग कॉलोनी के समीप सत्संग भवन रोड में रहता था। घटना वाले दिन वह मामा के घर गया था। मामा अनिल दुबे बाईपास रोड में सत्कार भवन के पास नया मकान बनाए हैं। इसी मकान के गृह प्रवेश का कार्यक्रम चल रहा था, तभी युवक को करंट लगने की घटना हुई। सूत्रों ने बताया कि डालटनगंज-औरंगाबाद मुख्य पथ पर पंडवा थाना क्षेत्र के कजरी में बाइक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान पंडवा थाना क्षेत्र लोहड़ी के विकास कुमार उर्फ प्रिंस (24) के रूप में की गई है। विकास अपने रिश्तेदार की लड़की का तिलक चढ़ाने लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दारूडीह गया थ।

तिलक समारोह समाप्त होने के बाद विकास कुमार अपने दो दोस्त पड़वा के बीरेंद्र मेहता एवं रविशंकर के साथ बाइक से अपने घर लोहड़ी वापस आ रहा था। इसी दौरान कजरी मध्य विद्यालय के पास बाइक एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक विकास कुमार की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पंडवा थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में किया। घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेजा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Diksha kanojia

Recommended News

Related News

static