झारखंड के वजूद से जुड़ा है वीर सपूत निर्मल महतो का नाम: AJSU अध्यक्ष
Saturday, Dec 26, 2020-02:03 PM (IST)

रांचीः ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि वीर सपूत निर्मल महतो का नाम झारखंड के वजूद से जुड़ा है।
महतो ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में निर्मल महतो की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण करने और भावपूर्ण श्रद्धांजलि देने के बाद शुक्रवार को कहा कि उनके विचार, मूल्य और साहस, आदर्श को जिंदा रखना हर झारखंडी और खासकर युवा की जिम्मेदारी है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
आजसू अध्यक्ष ने कहा कि निर्मल दा ने अलग राज्य की लड़ाई के लिए युवाओं को लामबंद कर जो अलख जगाई थी, उसे भूला नहीं जा सकता। निर्मल दा का बलिदान युगों तक अमर रहेगा। वे हम सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर और बताए रास्तों पर चलकर ही हम झारखंड को खुशहाल और समृद्ध बना सकते हैं।
महतो ने कहा कि निर्मल महतो में निर्णायक नेतृत्व की क्षमता थी। उनके सीने में फौलाद था। वे आंदोलनकारी के साथ विचारधारा भी थे। निर्मल दा की जरूरत इस राज्य को लंबे वक्त तक थी, पर यह नहीं हो सका। वे हमारे बीच नहीं हैं, पर उनका नाम और कर्म गौरव बनकर मौजूद रहेगा।