"विकास विरोधी है हेमंत सरकार", झारखंड में गरजे अरुण सिंह, बोले- राज्य बन गया आतंकवादियों का सेफ जोन
Friday, Sep 19, 2025-01:56 PM (IST)

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह ने हेमंत सरकार और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। सिंह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एक तरफ भारत सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब किसान, आदिवासी, दलित, पिछड़े सभी को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रही है।
अरुण सिंह ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार लूट खसोट, घोटाला, अवैध खनन, तुष्टीकरण को बढ़ावा दे रही। राज्य में विकास पूरी तरह ठप है, सड़कें टूटी हुई हैं, बिजली व्यवस्था चरमराई है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य में जंगलराज की स्थिति है, उग्रवाद फिर से बढ़ रहा। तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने के कारण राज्य में आईएसआई के एजेंट सुरक्षित पनाह पाते हैं। कहा कि अवैध उत्खनन, पत्थर माफिया का विरोध करने पर सूर्या हांसदा जैसे सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या हो रही। अरुण सिंह ने कहा कि झारखंड एक अनूठा राज्य है जहां घोटालों की फाइल गायब हो जाती है। कहा कि राज्य में एक प्रकार से अफरातफरी का माहौल है। सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रचुर मात्रा में यूरिया खाद मिलने के बाद भी राज्य में यूरिया की कालाबाजारी हो रही। कहा कि युवा रोजगार के लिए दर- दर भटक रहे, मईयां सम्मान के नाम पर भी हेमंत सरकार बहनों को धोखा दे रही। सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन झारखंड में अभी तक अधूरा है।
सिंह ने कहा कि हेमंत सरकार को जनता ने लूट खसोट के लिए वोट नहीं दिया बल्कि वादा निभाने के लिए दिया है, लेकिन यह सरकार फिर एक बार जनता को धोखा दे रही। राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपरिपक्व हैं और खुद को बेताज बादशाह समझते हैं। कहा कि वे लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर रहे है। वे सर्वाधिक झूठ बोलने वाले व्यक्ति हैं। सिंह ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी को धरातल से पाताल पर पहुंचाने के लिए आमादा हैं। सिंह ने कहा कि पार्टी से निकाले जाने के भय से कांग्रेस के लोग चुप रहते हैं। कहा कि राहुल गांधी की जहां चुनाव जीतते हैं वहां वोटर लिस्ट, ईवीएम सब ठीक रहता है और जहां हारते हैं वहां खराब होता है, वोट की चोरी दिखती है। आखिर राहुल गांधी को समझाए कौन? सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव में इंडी गठबंधन का सफाया होगा और एनडीए की फिर से मजबूत सरकार बनेगी।