Ranchi में 19 से शुरू होगी देश की सबसे बड़ी रक्षा प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी, राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर ईस्ट टेक 2025 का किया शुभारंभ

Friday, Sep 19, 2025-02:19 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्टेडियम में भारतीय सेना की पूर्वी कमान और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेन्स मैन्युफैक्चरर्स (एसआईडीएम) के सहयोग से आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी रक्षा प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी ईस्ट टेक 2025 का चौथा संस्करण 19 से 21 सितंबर तक आयोजित होगा। एक्सपो के उद्घाटन समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सीडीएस अनिल चौहान, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, मुख्य सचिव अलका तिवारी समेत कई अन्य अतिथि शामिल हुए। राज्यपाल संतोष गंगवार समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर ईस्ट टेक 2025 का भव्य शुभारंभ किया।

तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत और रक्षा आत्मनिर्भरता को नई दिशा देना है। ईस्ट टेक 2025 को पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत की सामरिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस प्रदर्शनी में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की कंपनियां, स्टार्टअप, एमएसएमई, डीआरडीओ और प्रमुख रक्षा आपूर्तिकर्ता अपनी अत्याधुनिक तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। इसमें 175 से अधिक रक्षा निर्माताओं और 200 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी होगी। साथ ही 300 से अधिक प्रतिनिधि और 250 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी से यह आयोजन ऐतिहासिक महत्व प्राप्त करेगा। इस प्रदर्शनी में टेक्निकल कम्युनिकेशन सिस्टम, बैटलफील्ड मोबिलिटी सॉल्यूशंस, सुरक्षा एवं सरवाइवएबिलिटी उपकरण, आटिर्िफशियल इंटेलिजेंस आधारित एप्लिकेशन, ड्रोन और काउंटर-ड्रोन तकनीक, रोबोटिक्स, स्वायत्त प्रणाली तथा उन्नत फायरपावर प्लेटफॉर्म प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

इसके अलावा, पहली बार सार्वजनिक-निजी भागीदारी में सेवा में चल रहे सैन्य उपकरणों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया जाएगा। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन तकनीकी डेवलपर्स और अंतिम उपयोगकर्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगा। इसके जरिये भविष्य में अनुसंधान एवं विकास, खरीद प्रक्रिया और फील्ड परीक्षणों के नए रास्ते खुलेंगे। यह न केवल रक्षा उद्योग में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देगा बल्कि देश को सामरिक दृष्टि से और मजबूत बनाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static