भारत के तीनों सेना के प्रमुख CDS जनरल अनिल चौहान पहुंचे Ranchi, कल से शुरू होगा ''डिफेंस एक्सपो''
Thursday, Sep 18, 2025-04:01 PM (IST)

रांची: भारत के तीनों सेनाओं के प्रमुख चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस ) जनरल अनिल चौहान झारखंड दौरे पर गुरुवार को रांची पहुंचे। रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर सीडीएस अनिल चौहान के पहुंचने पर पूर्व सैनिक संगठनों समेत अन्य गणमान्य लोगों ने उनका जोरदार तरीके से स्वागत किया।
वेटरन आर्गेनाइजेशन ऑफ़ झारखंड के सचिव एमपी सिंह ने बताया कि यह दौरा आगामी तीन दिवसीय डिफेंस एक्सपो 2025 के आयोजन से जुड़ा है।यह आयोजन 19 से 21 सितंबर तक रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में होगा। इस एक्सपो में देश की तीनों सेनाएं अपनी ताकत और आधुनिक रक्षा तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी।
ज्ञातव्य हो कि बीते बुधवार 17 सितंबर को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मेजर जनरल सज्जन सिंह मान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके रांची स्थित आवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को डिफेंस एक्सपो के बारे में जानकारी दी थी। साथ ही मंत्री और सैन्य अधिकारी ने मुख्यमंत्री को तीन दिवसीय डिफेंस एक्सपो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया था।