झारखंड सरकार 2 लाख रुपए तक के कृषि ऋण माफ करने पर कर रही है विचार: मुख्यमंत्री सोरेन

Monday, Jun 17, 2024-09:16 AM (IST)

 

जमशेदपुर/सरायकेलाः झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि उनकी गठबंधन सरकार दो लाख रुपए तक के कृषि ऋण को माफ करने तथा मुफ्त बिजली कोटा बढ़ाकर 200 यूनिट करने पर विचार कर रही है।

Image

विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं आधारशिला रखने के लिए जमशेदपुर के गांधी मैदान में आयोजित एक सभा को स‍ंबोधित करते हुए सोरेन ने कहा, “हमने पहले भी किसानों का 40,000 रुपए का कर्ज माफ किया है और इसे बढ़ाकर दो लाख रुपए करने की योजना बना रहे हैं। इसी तरह, 125 यूनिट मुफ्त बिजली के मौजूदा आधार को बढ़ाकर 200 यूनिट किया जाएगा।”


Image

मुख्यमंत्री ने बेरोजगार युवाओं को स्थायी आजीविका के लिए व्यवसाय शुरू करने के वास्ते 40 प्रतिशत सब्सिडी के साथ 25 लाख रुपए का ऋण देने की सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि 40,000 सहायक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है और सितंबर तक पूरी हो जाएगी, तथा जनजातीय और क्षेत्रीय भाषा शिक्षकों की भर्ती अगले महीने शुरू होगी। उन्होंने मौजूदा गठबंधन सरकार की नीतियों की तुलना पिछली भाजपा सरकार की नीतियों से की और आरोप लगाया कि 5,000 प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए गए हैं, जबकि गठबंधन सरकार द्वारा राज्य भर में आदर्श विद्यालय स्थापित किए जाने पर प्रकाश डाला। उन्होंने दावा किया, ‘‘यह भाजपा और गठबंधन सरकार के बीच का अंतर है।''


Image

वहीं चंपई सोरेन ने लोकप्रिय रूप से निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने के भाजपा के प्रयासों की भी निंदा की, तथा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ आरोपों और कानूनी कार्रवाइयों का हवाला दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 152.76 करोड़ रुपए की लागत की 182 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static