AJSU के केंद्रीय महासचिव बोले- झारखंड के विकास एवं सामाजिक बेहतरी के लिए अधिवक्ता आएं आगे

12/12/2022 1:23:07 PM

 

रांचीः आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो ने कहा कि अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ का लक्ष्य एवं मकसद बिल्कुल स्पष्ट है। डॉ. महतो ने रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में उपस्थित अधिवक्ताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनमानस को उनके अधिकार, संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकार तथा संवैधानिक कर्तव्यों के बारे में जानकारी प्रदान करना तथा शोषितों, वंचितों, पिछड़ों और समाज के अंतिम छोर पर खड़े लोगों को न्यायिक प्रक्रियाओं से अवगत करवाना तथा न्याय दिलाना। राज्य के विकास एवं सामाजिक बेहतरी के लिए अधिवक्ताओं को आगे आकर नेतृत्व देना होगा, यही मौजूदा समय की जरुरत है।

मौके पर आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने सभी अधिवक्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि आत्मसंतुष्टि के लिए कार्य करें, शोषितों-पीड़ितों और आर्थिक रुप से अक्षम लोगों को न्यायिक विषयों एवं न्यायिक प्रक्रिया में मदद करें। कहा कि जब तक जिम्मेदार लोग आगे आकर नेतृत्व नहीं करेंगे तब तक राज्य का कायाकल्प संभव नहीं है। इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी ने कहा कि आज भी ग्रामीणों में कानूनी विषयों की जानकारी बहुत कम है। जागरुकता की कमी के कारण सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी आम जनता को कोर्ट, कचहरी एवं कार्यालयों का चक्कर लगवाते रहते हैं। ऐसी परिस्थितियों में अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ की जिम्मेदारियां और बड़ी हो जाती हैं।

वहीं ग्रामीणों को न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ताओं को बड़ी एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। सभी अधिवक्ता आम जनता को न्यायिक प्रणाली एवं विषयों को लेकर तार्किक, बौद्धिक एवं वैचारिक मदद करें तथा गरीब और आमजन को सुलभता से न्याय दिलाने तथा उनके कल्याण के लिए कार्य करते रहें। वर्तमान राजनीतिक परिपेक्ष्य तथा झारखंड के नवनिर्माण में अधिवक्ताओं एवं बुद्धिजीवियों की भूमिका एवं जिम्मेदारियां व्यापक हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News

static