चक्रधरपुर में जुलूस के दौरान चाकूबाजी...7 युवक घायल, इलाके में तनाव; ग्रामीणों ने पुलिस को लेकर जताई नाराजगी

Saturday, Oct 04, 2025-06:49 PM (IST)

चाईबासा: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान एक घातक चाकूबाजी की घटना सामने आई है। हरिजन बस्ती के दुर्गा पूजा पंडाल से निकले जुलूस के समय करीब 15 हमलावरों ने अचानक 7 युवकों पर हमला कर दिया।

इस ताबड़तोड़ चाकू हमले में सभी घायल हो गए, जिनमें से रिक्की मुखी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जैसे ही विसर्जन जुलूस चक्रधरपुर थाना के पास पहुंचा, हमलावरों ने हमला कर दिया। घायल युवकों में ध्रुव मुखी, गोविंदा मुखी, दिनेश मुखी, रिक्की मुखी, अतुल मुखी, अमन मुखी और अजय मुखी शामिल हैं। उन्हें तत्काल चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। रिक्की मुखी की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने विशेष देखभाल का निर्देश दिया है। सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने घटना की तुरंत जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवकों के बयान दर्ज किए गए हैं, जिनसे हमलावरों की पहचान की गई है।

पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रखा है। घटना के बाद हरिजन बस्ती के लोग अत्यंत आक्रोशित हैं। बड़ी संख्या में वे रेलवे अस्पताल पहुंचकर पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं आक्रोशित लोगों का कहना है कि आज 12 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस प्रशासन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है क्योंकि अब तक किसी हमलावर की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद की जा रही है। इलाके में तनाव बढ़े होने के कारण पुलिस ने सतकर्ता बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी ताकि माहौल शांत रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static