खुद पर डाला मिट्टी का तेल, माचिस से जलाने लगी आग...हजारीबाग में DC के सामने महिला ने आत्मदाह का किया प्रयास
Wednesday, Oct 15, 2025-06:41 PM (IST)

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद का समाधान नहीं होने पर एक महिला ने बीते मंगलवार को उपायुक्त (डीसी) शशि प्रकाश के सामने कथित तौर पर आत्मदाह करने की कोशिश की।
अधिकारियों के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब शशि प्रकाश जनता की शिकायतें सुनने के लिए अपने कार्यालय में 'जनता दरबार' लगा रहे थे। बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बसरिया गांव की प्रभा देवी अपने भूखंड के विवाद को सुलझाने के प्रयास में पिछले कुछ सप्ताह से नियमित रूप से 'जनता दरबार' में शामिल हो रही हैं। प्रभा ने दावा किया कि उन्होंने कई बार डीसी के समक्ष अपनी बात रखी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने खुद पर मिट्टी का तेल डाला और आग लगाने की कोशिश की।
मौके पर मौजूद लोगों ने प्रभा के हाथ से माचिस छीन ली। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा, ‘‘प्रभा ठीक है और उसे कोई जलने की चोट नहीं आई है। जब घटना हुई, मैं वहीं मौजूद था और पुलिसवालों ने उसके हाथ से माचिस छीन ली।'' घटना के बाद डीसी ने बरही के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जोहान टुडू और बरकट्ठा की अंचल अधिकारी दीपा खलखो को विवाद सुलझाने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।