Aaj ka Mausam: झारखंड में भीषण ठंड का प्रकोप जारी, कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट; जानें आज मौसम का हाल
Monday, Jan 19, 2026-09:21 AM (IST)
Aaj ka Mausam Jharkhand: झारखंड इन दिनों भीषण ठंड के प्रकोप में है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। कई जिलों में शीतलहर चलने से ठंड और बढ़ेगी। खासकर उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के इलाकों में सुबह और देर रात ठंड ज्यादा महसूस की जाएगी। अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि लोहरदगा, लातेहार, खूंटी, रांची, डालटेनगंज, गढ़वा और गिरिडीह जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इन इलाकों में शीतलहर का असर दिखेगा। वहीं 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
बता दें कि पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पलामू में 5.4 डिग्री, लातेहार में 5.5 डिग्री, खूंटी में 4.3 डिग्री और रांची में 7.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर अधिकतम तापमान की बात करें तो चाईबासा में सबसे अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और शीतलहर को देखते हुए सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

