झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: 4 जिलों में लगेगी MRI मशीन, 20 जिलों में मैमोग्राफी सुविधा

Friday, Feb 27, 2026-10:10 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब रामगढ़, गिरिडीह, देवघर और कोडरमा जिलों के अस्पतालों में जल्द ही एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही 20 जिलों में मैमोग्राफी मशीनें भी लगाई जाएंगी, ताकि महिलाओं की गंभीर बीमारियों की समय पर जांच हो सके।

उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया फैसला
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एमआरआई मशीनों की खरीद और स्थापना की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराने से लोगों को मिलेगी राहत
अभी इन जिलों में एमआरआई की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को जांच के लिए रांची या दूसरे बड़े शहरों में जाना पड़ता है। इससे समय और पैसा दोनों खर्च होता है। कई बार गंभीर मरीजों को आपात स्थिति में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सरकार का कहना है कि जिला स्तर पर ही बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराने से लोगों को राहत मिलेगी।

स्तन कैंसर की समय पर पहचान हो सकेगी
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 20 जिलों में मैमोग्राफी मशीनें लगाई जाएंगी। इससे स्तन कैंसर की समय पर पहचान हो सकेगी और इलाज जल्दी शुरू किया जा सकेगा। इसके अलावा राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में कैथ लैब भी स्थापित की जाएगी, ताकि हृदय रोगियों को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।सरकार का मानना है कि इन फैसलों से जिलों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static