Ram Navami: CM हेमंत ने रामनवमी की दी शुभकामनाएं, झारखंड वासियों के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य के लिए की कामना
Sunday, Apr 06, 2025-10:55 AM (IST)

Ram Navami: आज रामनवमी (Ram Navami) का पर्व देश भर में मनाया जा रहा है। सीएम हेमंत सोरेन ने प्रदेशवासियों को रामनवमी (Ram Navami) के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि "रामनवमी के पावन पर्व की सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। प्रभु श्रीराम का विशाल जीवन हमें प्रेम, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, उदारता और त्याग का अप्रतिम संदेश देता है।"
सीएम हेमंत ने आगे कहा, "प्रभु श्रीराम के महान आदर्श युगों-युगों तक मानवजाति को प्रेरणा की अविरल धारा से सिंचित करते रहेंगे। आज का यह शुभ अवसर सभी के जीवन में खुशियां लाए, आप सभी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रहें, यही कामना करता हूं।" जय सिया राम! जय जय सिया राम!।"
क्यों मनाया जाता है रामनवमी का पर्व
हिन्दू धर्म शास्त्रों के अनुसार इस दिन मर्यादा-पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जी का जन्म हुआ था। इस शुभ तिथि को भक्त लोग रामनवमी के रूप में मनाते हैं। भारतीय इतिहास के अनुसार श्री राम का जन्म त्रेता युग में अयोध्या के राजा दशरथ और रानी कौशल्या के घर हुआ था, जो चैत्र शुक्ल नवमी को पुनर्वसु नक्षत्र में कर्क लग्न में हुआ था। श्री राम के जन्म के समय आकाश में पुनर्वसु नक्षत्र के दौरान 5 ग्रह अपने उच्च स्थान में थे। वाल्मीकि द्वारा बताई गई तिथि के सत्यापन हेतु कई शोध किए गए हैं। यह पर्व भारत में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। रामनवमी के दिन ही चैत्र नवरात्र की समाप्ति भी हो जाती है।