रांची में लापता अंश और अंशिका का अब तक कोई भी सुराग नहीं, सूचना देने वाले को मिलेगा 2 लाख का इनाम

Monday, Jan 12, 2026-01:40 PM (IST)

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से 2 जनवरी को लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश कुमार और अंशिका कुमारी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।        

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने आम जनता से मदद की अपील की है और बच्चों से संबंधित पुख्ता सूचना देने वाले को 2-2 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रांची की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को दोनों बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिलती है या वे कहीं दिखाई देते हैं, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसे 2,00,000 रुपये (दो लाख) का पुरस्कार दिया जाएगा। 

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार,अंश कुमार की पहचान पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग के हाफ पैंट से की जा सकती है, जबकि अंशिका कुमारी नीले रंग की टी-शर्ट और नीली जींस पहने हुई थी। बच्चों के पिता का नाम सुनील कुमार बताया गया है। रांची पुलिस ने संबंधित अधिकारियों और धुर्वा थाना के संपर्क नंबर भी सार्वजनिक किए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति सीधे सूचना दे सके। पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जनता के सहयोग से जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।       

ज्ञातव्य है कि अंश कुमार (उम्र 5 वर्ष) और अंशिका कुमारी (उम्र 4 वर्ष) 2 जनवरी को धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत अपने घर से किराना दुकान जाने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। इस संबंध में धुर्वा थाना कांड संख्या 01/2026, दिनांक 03 जनवरी 2026 को भारतीय दंड संहिता की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश जारी है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static