Jharkhand Weather Today: झारखंड में ठंड से राहत, 30 जनवरी तक साफ रहेगा मौसम; तापमान में लगातार बढ़ोतरी
Sunday, Jan 25, 2026-11:49 AM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में कड़ाके की ठंड से अब धीरे-धीरे राहत मिल रही है। मौसम साफ रहने के कारण दिन में धूप तेज हो रही है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है।
दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी
झारखंड में ठंड का असर अब कम होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी तक पूरे राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का झारखंड पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, इसलिए फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा और धूप निकलेगी। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। डालटनगंज में सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कांके में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
आसमान साफ रहने से दिन में गर्मी महसूस हो रही
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं की रफ्तार कम होने और आसमान साफ रहने से दिन में गर्मी महसूस हो रही है। आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। देवघर, दुमका और गिरिडीह जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है। वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा जैसे पश्चिमी जिलों में गर्मी ज्यादा रहेगी और तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया
26 से 28 जनवरी के बीच सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन भर मौसम साफ रहेगा। 29 और 30 जनवरी को आंशिक बादल जरूर दिख सकते हैं, फिर भी मौसम शुष्क बना रहेगा। कुल मिलाकर अगले कुछ दिनों तक झारखंड में दिन गर्म और रातें ठंडी रहने की संभावना है। फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए मौसम विभाग ने कोई अलर्ट जारी नहीं किया है।

